कर्क राशि : कार्य वृद्धि और सुखों में बढ़ोतरी होगी राशि
अक्षर : ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो
कर्क राशि के लिए साल 2021 अनेक प्रकार की अच्छी और सुखद खबरें लेकर आ रहा है। इस राशि के लिए संपत्ति, धन और कॅरियर में तरक्की के लिहाज से साल बेहतर साबित होने वाला है। कुछ मामलों में परेशानी भी आएंगी। वर्ष पूर्व से प्रारंभ होकर 29 अप्रैल 2022 तक शनि स्वराशि में होकर सप्तम भाव में गोचर कर रहा है। इससे पद-प्रतिष्ठा में वृद्धि, निवेश से लाभ, भूमि, संपत्ति की प्राप्ति, दांपत्य जीवन सुखमय, कार्य-व्यवसाय में लाभ के योग बनेंगे। लेकिन शनि की कमजोर स्थिति में निर्णय गलत होने की आशंका है, कार्यो में रूकावट जैसी स्थिति भी रहेगी।
दांपत्य सुख में वृद्धि, आर्थिक लाभ मिलेगा
5 अप्रैल 2021 और 14 सितंबर से 20 नवंबर तक गुरु के सप्तम स्थान में रहने से कारोबार में तरक्की, दांपत्य सुख में वृद्धि, आर्थिक लाभ के साथ साझेदारों से विवाद, पढ़ाई में बाधा, घर में वस्तुओं की चोरी, वस्तुएं गुम होने जैसी स्थिति आएगी। 5 अप्रैल से 14 सितंबर और 20 नवंबर से 13 अप्रैल 2022 तक गुरु के अष्टम स्थान में गोचर करने से शारीरिक कष्ट, भागदौड़ की अधिकता, पारिवारिक मतभेद, जीवनसाथी के स्वास्थ्य में खराबी होगी।
अचानक धनलाभ होगा
पूरे वर्ष राहु एकादश स्थान में रहने से धनलाभ, संतान सुख, रोगमुक्ति, धार्मिक कार्यो में सहभागिता, अचानक धनलाभ होगा। पंचम स्थान में केतु होने से संतान को पीड़ा, शिक्षा में बाधा और आकस्मिक रूप से कुछ घटनाएं हो सकती हैं। 24 दिसंबर 2020 से 14 अप्रैल 2021 तक मंगल स्वराशि का होकर दशम और एकादश स्थान में रहेगा जो श्रेष्ठप्रद रहेगा। राजयोग, पद-प्रतिष्ठा, सम्मान में वृद्धि, अनेक सुअवसर आएंगे। युवाओं को कॅरियर में आगे बढ़ने के अवसर आएंगे। संकटों से मुक्ति, कारोबार में वृद्धि, धनलाभ, शत्रुओं पर विजय, पारिवारिक सुख-शांति प्राप्त होगी।
स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव बना रहेगा
14 अप्रैल से 20 जुलाई तक मंगल द्वादश और प्रथम स्थान में गोचर करने से स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। व्यर्थ के कार्यो में व्यय, भाई-बहनों से विवाद, रक्त विकार, दांपत्य जीवन में संकट। 20 जुलाई से 5 सितंबर तक मंगल के द्वितीय स्थान में रहने से वाणी में कटुता, पारिवारिक परेशानी, कार्यो में बाधा के योग बनेंगे। 5 सितंबर से 21 अक्टूबर तक मंगल के तृतीय स्थान में रहने से बाधाएं दूर होंगी, शत्रु परास्त होंगे, धनसुख बनेगा।
वर्ष का उपाय
कर्क राशि के जातकों को साल 2021 सुखपूर्वक व्यतीत करने के लिए बृहस्पति की शांति करवाना आवश्यक है। इसके लिए गुरुवार के व्रत रखें। गाय को प्रत्येक गुरुवार को पके केले खिलाएं। कन्याओं को पीली मिठाई खिलाएं।